
सोनभद्र:- कचहरी तिराहे पर बुधवार को भारतीय युवा कांग्रेस ने जिलाध्यक्ष शशांक मिश्रा के नेतृत्व में धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने युवाओं के भविष्य, शिक्षा, रोजगार और छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। कार्यकर्ताओं ने पेपर लीक, दिल्ली में छात्रों पर कथित लाठीचार्ज व पैलेट गन के इस्तेमाल तथा बिहार में फायरिंग के आदेश से जुड़े आरोपों पर जवाबदेही तय करने की मांग उठाई।
युवा कांग्रेस नेताओं ने 20 जुलाई को छात्रों के खिलाफ हुई कथित लाठीचार्ज की कार्रवाई और पैलेट गन के इस्तेमाल को लेकर निष्पक्ष जांच की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की भी मांग की और चेतावनी दी कि यदि छात्रों व युवाओं से जुड़े मुद्दों पर सरकार ने गंभीरता नहीं दिखाई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

जिलाध्यक्ष शशांक मिश्रा ने कहा कि, देश का युवा रोजगार, शिक्षा और बेहतर भविष्य की उम्मीद लगाए बैठा है, लेकिन उसके सवालों का जवाब यदि लाठी और बल प्रयोग से दिया जाता है तो यह लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि सरकार को छात्रों की आवाज दबाने के बजाय उनकी समस्याएं सुनकर संवाद के माध्यम से समाधान निकालना चाहिए।
युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक चौबे ने कहा कि, युवा अपने भविष्य को लेकर सवाल पूछते हैं तो उनके सवालों का जवाब लाठी और गोली से नहीं दिया जा सकता। सरकार को युवाओं की आवाज सुनने और उनके अधिकारों का सम्मान करने की जरूरत है।
पूर्व प्रदेश महासचिव युवा कांग्रेस धीरज पाण्डेय ने कहा कि, बढ़ती बेरोजगारी और युवाओं में बढ़ता असंतोष सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े कर रहा है। उन्होंने कहा कि देश का नौजवान अपने भविष्य को लेकर जवाब मांग रहा है और सरकार को जिम्मेदारी व जवाबदेही तय करनी होगी।
जिला महासचिव युवा कांग्रेस रोहिल मिश्रा ने कहा कि, सरकार को छात्रों और युवाओं की समस्याओं को समझना चाहिए। लोकतंत्र में असहमति को दबाना किसी भी रूप में उचित नहीं है।
शहर अध्यक्ष अनुपम द्विवेदी ने कहा कि युवा कांग्रेस छात्रों और नौजवानों की आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी। वहीं शहर कांग्रेस महासचिव प्रांजल श्रीवास्तव ने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ देश के भविष्य के साथ खिलवाड़ है।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने छात्रों से जुड़े मामलों में पारदर्शिता, जवाबदेही और निष्पक्ष जांच की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि छात्रों और युवाओं के सवालों का समाधान लोकतांत्रिक संवाद से होना चाहिए, बल प्रयोग से नहीं। नेताओं ने कहा कि शिक्षा, रोजगार, छात्रों के अधिकार और लोकतांत्रिक जवाबदेही के मुद्दों पर संघर्ष जारी रहेगा।
प्रदर्शन में युवा कांग्रेस शहर उपाध्यक्ष मोहम्मद साद अंसारी, शहर महासचिव कनिष्क भार्गव, पूर्व कांग्रेस नेता सत्येंद्र दुबे, युवा कांग्रेस कार्यकर्ता सूर्य प्रकाश, रोहित पाण्डेय, एडवोकेट रवि शंकर उपाध्याय, मोहित कुशवाहा, पुनीत कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।



