अयोध्या

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने की अपील,रामभक्त अपनी भावनाओं का शॉर्ट वीडियो बनाएं,#ShriRamHomecoming के साथ करें शेयर –

अयोध्या :– रामनगरी अयोध्या भव्य राम मंदिर में भगवान राम की 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा होगी। प्राण प्रतिष्ठा से पहले श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने रामभक्तों से अपील की है कि भगवान राम की पांच शताब्दी बाद अपने जन्मस्थान पर वापसी हो रही है इसलिए इस खुशी में वे अपनी भावनाओं और विचारों को शॉर्ट वीडियो बना कर सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर शेयर करें।

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से यह अपील की गई है कि इस ऐतिहासिक घटना को लेकर अपने विचारों को #ShriRamHomecoming के हैशटैग के साथ पोस्ट कर सकते हैं। इस पोस्ट के साथ अपना नाम, जगह, और एक व्यक्तिगत नोट लिख सकते हैं। ट्रस्ट ने कहा कि आइए हम सभी सामूहिक रूप से भगवान राम की वापसी का जश्न मनाएं।

भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा से पहले भव्य राम मंदिर की औपचारिक गतिविधियां आज मंगलवार से मंदिर परिसर में शुरू हो गईं। ये अनुष्ठान 21 जनवरी तक जारी रहेंगे। 22 जनवरी को भगवान राम प्राण प्रतिष्ठा के लिए विधि-विधान के साथ समारोह होंगे। 11 पुजारी विभिन्न देवताओं का आह्वान करने के लिए अनुष्ठान कर रहे हैं।यह अनुष्ठान शुरू हो गया है और 22 जनवरी तक जारी रहेगा।प्राण प्रतिष्ठा वाले दिन पूरा मंदिर परिसर संगीतमय रहेगा। इस मौके पर उत्तर प्रदेश की बांसुरी तथा ढोलक से लेकर तमिलनाडु के मृदंग जैसे देशभर के विभिन्न शास्त्रीय वाद्ययंत्र बजाये जाएंगे। मंदिर न्यास की ओर से यह जानकारी दी गई।

बता दें कि चयनित संगीतकार अपने-अपने क्षेत्रों के भारतीय परंपरा से जुड़े विभिन्न प्रकार के वाद्य यंत्र (संगीत वाद्ययंत्र) बजाएंगे। उत्तर प्रदेश से बांसुरी और ढोलक, कर्नाटक से वीणा, महाराष्ट्र से सुंदरी, पंजाब से अलगोजा, ओडिशा से मर्दला, मध्य प्रदेश से संतूर, मणिपुर से पुंग, असम से नगाड़ा और काली, छत्तीसगढ़ से तंबूरा, बिहार से पखावज, दिल्ली से शहनाई और राजस्थान से रावणहत्था बजाने वाले कलाकर शामिल होंगे। पश्चिम बंगाल के श्रीखोल और सरोद, आंध्र प्रदेश से घटम, झारखंड से सितार, तमिलनाडु से नादस्वरम और मृदंग, और उत्तराखंड से हुड़का कलाकर भी कार्यक्रम में भाग लेंगे।जब अनुष्ठानिक मंत्रोच्चार या कोई संबोधन नहीं हो रहा होगा तब ये कलाकर वाद्ययंत्र बजाएंगे। मेहमानों के लिए जलपान तथा दोपहर के भोजन की व्यवस्था की जाएगी और पेयजल, शौचालय तथा जूता रखने की जगह सहित अन्य की व्यवस्था की गई है। मंदिर न्यास की ओर से प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए सात हजार से अधिक लोगों को आमंत्रित किया गया है।

भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम दोपहर 12 बजकर 20 मिनट पर शुरू होगा और दोपहर एक बजे तक इसके पूरा होने की उम्मीद है।भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत,राज्यपाल आनंदीबेन पटेल,मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मंदिर न्यास के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास की गरिमामय उपस्थिति में होगा।यहां लगभग आठ हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page