लखनऊ
Trending

लोकप्रियता घटने के बाद भी ताकतवर नेता बने हुए हैं सीएम योगी

लखनऊ:– जम्मू-कश्मीर और हरियाणा में विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है।उत्तर प्रदेश की 10 विधानसभा सीटों पर भी कुछ महीने में उपचुनाव होने वाला है।ऐसे में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की लोकप्रियता का आकलन सर्वे के जरिए होने लगा है।हाल ही में दो सर्वे सामने आए हैं, जिनमें से एक में सीएम योगी की प्रदेश में लोकप्रियता का अनुमान लगाया गया है और एक अन्य सर्वे में सीएम योगी के साथ देश के कुछ अन्य सीएम की लोकप्रियता का आकलन किया गया है।

 

सीएम योगी का कार्यकाल सबसे अच्छा –

टाइम्स नाउ नवभारत के ओपीनियन पोल में प्रदेश में मुख्यमंत्रियों के कार्यकाल को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की लोकप्रियता का अनुमान लगाया गया है। इसमें लोगों से सवाल किया गया कि वे मुख्यमंत्री के तौर पर सबसे बेहतर कार्यकाल किसका मानते हैं।इसके जवाब में 54 प्रतिशत लोगों ने आदित्यनाथ का, 23 प्रतिशत ने अखिलेश यादव का और 19 प्रतिशत ने मायावती के कार्यकाल को सबसे बेहतर बताया।इस ओपीनियन पोल में सबसे अधिक लोगों ने कार्यकाल के मद्देनजर सबसे बेहतर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बताया।इसके अलावा लोगों से समय के साथ योगी आदित्यनाथ की बढ़ती-घटती राजनीतिक ताकत को लेकर भी सवाल किए गए।इसमें पता चला कि 63 प्रतिशत लोगों का मानना है कि प्रदेश में लोकसभा चुनाव बीजेपी को नुकसान होने के बावजूद योगी आदित्यनाथ ताकतवर बने हुए हैं।

 

योगी को सीएम पद से हटाने पर क्या होगा-

इस सर्वे में योगी आदित्यनाथ के बिना प्रदेश में बीजेपी की ताकत का भी आकलन किया गया।योगी को मुख्यमंत्री पद से हटा दिया जाए तो क्या होगा।इस सवाल पर 58 फीसदी लोगों ने माना कि इससे बीजेपी को भारी नुकसान होगा, 14 फीसदी लोगों का मत है कि योगी के हटने से बीजेपी को फायदा होगा।

लोकसभा चुनाव के बाद विधानसभा उपचुनाव में भी बीजेपी का प्रदर्शन खराब रहा तो योगी आदित्यनाथ का क्या होगा। इस सवाल पर 27 फीसदी लोगों ने माना कि इससे योगी को मुश्किल होगी, हालांकि 64 फीसदी लोगों ने कहा कि इसका कोई असर नहीं होगा।

 

कामकाज को लेकर संतुष्टि घटी-

आज तक ने सी वोटर के साथ किए गए मूड ऑफ द नेशन का सर्वेक्षण प्रकाशित किया है।इस आकलन के अनुसार सीएम योगी की लोकप्रियता घटती जा रही है।इस सर्वे के अनुसार पिछले साल अगस्त में 47 फीसदी लोग योगी आदित्यनाथ के काम से खुश थे।इस साल फरवरी में योगी के प्रति लोगों की संतुष्टि का आंकड़ा 51 फीसदी हो गया,लेकिन अब ताजा आंकड़ों में योगी को पसंद करने वालों की संख्या गिरकर 39 फीसदी पर पहुंच गई है।

 

मुख्यमंत्रियों में सबसे ऊपर योगी आदित्यनाथ –

इस सर्वे में योगी आदित्यनाथ के अलावा पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की लोकप्रियता का आकलन किया गया है।लोगों ने इन सभी में योगी आदित्यनाथ को सबसे बेहतर मुख्यमंत्री माना है। 33.2 फीसदी लोगों ने योगी के पक्ष में राय दी है।हालांकि छह माह पहले 46.3 फीसदी और उससे छह माह पहले 43 फीसदी लोगों ने योगी को सबसे अच्छा मुख्यमंत्री माना था।सर्वे में शामिल लोगों में से 33 फीसदी ने योगी आदित्यनाथ, 14 फीसदी ने अरविंद केजरीवाल, नौ फीसदी ने ममता बनर्जी, पांच फीसदी ने एमके स्टालिन और पांच फीसदी ने चंद्रबाबू नायडू को सबसे अच्छा मुख्यमंत्री बताया।

 

इस सर्वे के मुताबिक पिछले एक साल में किए गए तीन ओपीनियन पोल्स के आंकड़े बताते हैं कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की लोकप्रियता बढ़ने के बाद घटी है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की लोकप्रियता क्रमश: बढ़ती गई है।असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा बहुत मामूली उतार चढ़ाव के साथ लोकप्रिय बने हुए हैं।गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल लोगों की पसंद के क्रम में नीचे आए और फिर कुछ ऊपर पहुंचे हैं। यही स्थिति दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ बनी है।तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन की लोकप्रियता में भी गिरावट के बाद कुछ सुधार हुआ है।झारखंड में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रदर्शन से 25 फीसदी लोग संतुष्ट और 35 फीसदी असंतुष्ट हैं। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के कामकाज से 35 फीसदी लोग संतुष्ट और 28 फीसदी असंतुष्ट हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page