रात में महिलाओं की हिफाजत को 6 विशेष पीआरवी, सूचना पर करेंगे त्वरित कार्रवाई –

✍️नवीन तिवारी
वाराणसी:– महिलाओं के साथ रात में अधिकांश घटनाएं होती हैं। इसको लेकर कमिश्नरेट पुलिस अलर्ट हो गई है। डायल 112 की 6 विशेष महिला पुलिस रिस्पांस ह्वीकल (पीआरवी) तैनात की गई है। वाहन महिलाओं से जुड़ी शिकायतें मिलने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर मदद करेगा। यदि कोई बड़ी घटना हुई तो संबंधित थानों में रिपोर्ट भी दर्ज कराएंगे।
विशेष महिला पीआरवी की तैनाती लंका, रोहनियां, कैंट, सिगरा, सारनाथ और बड़ागांव में तैनात किए गए हैं। यदि कोई महिला असुरक्षित महसूस करती है, सुनसान जगह पर अकेली है या उसे वाहन नहीं मिल रहा है तो वह 112 नंबर पर फोन कर सकती है। महिला पीआरवी टीम उसकी मदद करेगी।
पीआरवी में दो महिला और एक पुरुष आरक्षी समेत चार पुलिसकर्मी रहेंगे। ये आठ-आठ घंटे की शिफ्ट में ड्यूटी करेंगे। पहली शिफ्ट सुबह सात बजे से दोपहर तीन बजे, दूसरी शिफ्ट दोपहर तीन बजे से रात 11 बजे तक की होगी। तीसरी शिफ्ट रात 11 से सुबह सात बजे तक होगी।
डायल 112 प्रभारी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि वाहनों को अपडेट किया गया है। इसमें सैमसंग का मोबाइल, एप्पल का टैबलेट और अग्निशमन का सिलेंडर लगा हुआ है। साथ ही वाहन नए साफ्टवेयर के साथ है। महिला की सुरक्षा के लिए विशेष पीआरवी का संचालन किया जा रहा है।