मुंबई के गेटवे ऑफ इंडिया से एलिफेंटा जा रही बोट हादसे का शिकार हो गई –

मुंबई:- गेटवे ऑफ इंडिया के पास पलटी 56 यात्रियों से भरी नाव, एक की मौत; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी मुंबई में गेटवे ऑफ इंडिया के पास 50 से ज्यादा यात्रियों को ले जा रही एक नौका बुधवार शाम को पलट गई। 20 से ज्यादा यात्रियों को बचा लिया गया है, जिनमें से एक की मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एलीफेंटा जा रही निजी नौका नीलकमल उरण, करंजा के पास पलट गई है।डूबी नौका के मालिक ने कहा है कि भारतीय नौसेना की स्पीड बोट ने उसकी नौका को टक्कर मारी जिसके बाद ये हादसा हुआ। नौका के मालिक राजेंद्र पडाटे ने कहा कि टक्कर के समय नौका पर 80 यात्री सवार थे। उन्होंने बताया कि नौका प्रतिदिन दोपहर 3 बजे के आसपास एलीफेंटा जाती है। वहीं पूर्व एमएलसी जयंत पाटिल ने भी कहा कि स्पीड बोट की टक्कर इतनी जोरदार थी कि नौका दो हिस्सों में टूट गई।
भारतीय नौसेना, जेएनपीटी, तटरक्षक बल, येलो गेट पुलिस स्टेशन और स्थानीय मछली पकड़ने वाली नौकाओं की मदद से बचाव अभियान जारी है। मरीन पुलिस और 108 एम्बुलेंस मौके पर मौजूद हैं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी घटना पर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने विधानसभा में बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार नाव पर सवार 35 लोगों में से 20 को बचा लिया गया है। करीब सात लोग अभी भी लापता हैं और बचाव अभियान जारी है।
घटनास्थल से प्राप्त वीडियो में यात्रियों को लाइफ जैकेट पहने हुए देखा गया। यात्रियों को दूसरी नावों में सुरक्षित स्थान पर ले जाया जा रहा है। तटरक्षक और समुद्री पुलिस के समन्वय से नौसेना द्वारा भी बचाव कार्य शुरू किया गया है। नौसेना की 11 नावें, समुद्री पुलिस की 03 नावें और तटरक्षक बलों की 1 नाव क्षेत्र में मौजूद हैं। इसके अलावा 4 हेलीकॉप्टर खोज अभियान चला रहे हैं। यह घटना शाम करीब 4 बजे हुई।
एलिफेंटा आइलैंड के लिए चलती हैं सार्वजनिक फेरी –
गौरतलब है कि गेटवे ऑफ इंडिया से एलिफेंटा गुफाओं तक जाने के लिए सार्वजनिक फेरी सेवाएं उपलब्ध हैं। यह क्षेत्र मुंबई के पूर्वी हिस्से में स्थित है और पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय है। फिलहाल इस दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जरूरी कदम उठाने का आश्वासन दिया है।