बांदा जनपद की संक्षिप्त खबरें…..

टक्कर से बाइक सवार की मौत, दो घायल
बांदा। थाना चिल्ला के सहूरपुर मोड़ के पास सड़क हादसे मे एक बाइक सवार की मौके पर ही मृत्यु हो गयी जबकि दो लड़कियां गंभीर रूप से घायल हो गयीं। मृतक राजवीर पुत्र पोप सिंह निवासी ग्राम भौसाना धौलपुर राजस्थान यहां से लेवर लेकर जा रहा था। घायल लड़कियां साधना व रोशनी पुत्री मलखान ग्राम सांड़ी अमान डेरा थाना पैलानी की रहने वाली हैं। दोनो लड़कियां गंभीर रूप से घायल हैं। इन्हे गंभीर अवस्था मे सरकारी एंबुलेंस के जरिए जिला चिकित्सालय भर्ती कराया गया है। घटनाक्रम के अनुसार बांदा-चिल्ला मार्ग पर सवेरे लगभग 10 बजे मोटरसाइकिल सवार राजवीर 32 मोटरसाइकिल मे लड़कियों को बैठाकर जा रहा था इसी दौरान अनियंत्रित ट्रैक्टर ट्राली ने टक्कर मार दी। क्षेत्राधिकारी सदर अजय कुमार सिंह ने बताया कि चालक को ट्रैक्टर सहित गिरफ्तार कर लिया गया है। मृतक के शव का पंचनामा कर उसे पीएम के लिए भेजा गया है। घायल लड़कियों का जिला चिकित्सालय मे इलाज चल रहा है। डाक्टरों के मुताबिक दोनो लड़कियां खतरे से बाहर हैं।
बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार की मौत
बांदा। कालिंजर-नरैनी मार्ग पर अज्ञात बोलेरो कैंपर चालक ने बाइक मे सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी जिससे बाइक चालक को गंभीर चोटें आई हैं जबकि पीछे बैठे युवक की घटना स्थल पर मौत हो गई। राहगीरों की मदद से परिजन सीएचसी लाये। चिकित्सक ने बाइक सवार युवक की मृत्यु की पुष्टि की है जबकि घायल चालक का इलाज चल रहा है। बोलोरो कैंपर चालक ने वाहन को भगा कर ले जाने की कोशिश की लेकिन मध्य प्रदेश की सीमा पर धरमपुर थाना की पुलिस ने बोलोरो कैंपर सहित चालक को हिरासत में ले लिया। मामला सीमा का होने के कारण शव को कोतवाली नरैनी पुलिस नें कब्जे में लेकर पीएम के लिए रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज बांदा भेजा है। कालिंजर-नरैनी मार्ग पर मध्य प्रदेश की एक किलोमीटर सीमा पड़ती है यह एरिया नरहदा चौकी के अंतर्गत थाना धरमपुर में आता है। यह स्थान मौकछ चौकी के नाम से जाना जाता है। यहां मध्य प्रदेश के वन विभाग का बैरियर लगा है और मध्य प्रदेश के पुलिसकर्मी उत्तर प्रदेश के निकलने वाले वाहनों की चेकिंग करते हैं। यह वाकया गुरुवार की देर शाम अज्ञात बोलेरो कैंपर चालक कालिंजर से कानपुर जा रहा था चेकिंग के डर से तेज रफ्तार पर भागना चाहा और 500 मीटर दूरी पर दो बाइक सवारो को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। कालिंजर थाना क्षेत्र के पुरैनिया गांव निवासी बाइक चालक इंद्रजीत का 42 वर्षीय पुत्र सुरेश पटेल गांव के नजदीक मजरा सकतपुर (रानीपुर) गांव के ढील्ला के 58 वर्षीय पुत्र रामदेव प्रजापति को बाइक में लेकर उनकी बेटी की शादी से संबंधित कागजाद लेने नरैनी आ रहे थे तभी बरियारपुर के पूर्व मध्य प्रदेश की सीमा पर ही रोड के किनारे बाइक खड़ी कर रिश्तेदार से बात करने लगे तभी बोलोरो कैंपर ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।