जहां-जहां हो रहे उपचुनाव, नाम पूछकर हो रहा स्थानांतरण – अखिलेश यादव

आजमगढ़:- पूर्व मुख्यमंत्री समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव शनिवार को आजमगढ़ के लालगंज स्थित त्रिवेणी ट्रामा सिटी और मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पीटल का लोकार्पण करने पहुंचे।निजी कार्यक्रम में पहुंचे अखिलेश यादव ने भाजपा पर जमकर हमला बोला।कहा कि जहां-जहां उपचुनाव हो रहे हैं वहां पर नाम पूछकर ट्रांसफर किया जा रहा है।
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि कोलकाता की घटना दर्दनाक है। इस घटना के दोषी बख्शे नहीं जाएंगे,लेकिन भाजपा को इस पर राजनीति नहीं करनी चाहिए।मुख्यमंत्री ममता बनर्जी खुद एक महिला हैं।अखिलेश ने कहा कि क्या उत्तर प्रदेश में बेटियां सुरक्षित हैं।देश के आंकड़े निकलवाएं तो सबसे ज्यादा बेटियों के साथ घटनाएं उत्तर प्रदेश में हुई है। यह हम नहीं कहते बल्कि सरकारी आंकड़े कहते हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि पन्ना पलटिए जब उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार थी तो भाजपा ने डॉक्टरों के साथ मिलकर माहौल को खराब करने का कार्य किया था। भाजपा ने उत्तर प्रदेश से लेकर पूरे देश का माहौल खराब करने का कार्य किया है। जब पीडीए और इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी तो इसे सुधारा जाएगा।
अखिलेश यादव ने कहा कि नमामि गंगे के नाम पर हजारों करोड़ रुपये आए और साफ हो गए।प्रदेश सरकार उत्तर प्रदेश को वन ट्रिलियन डालर की अर्थ व्यवस्था बनाने का सपना देख रही है। कह रहे थे कि उत्तर प्रदेश में लाखों करोड़ रुपये का इंवेस्ट होने जा रहा है। क्या आजमगढ़ में एक भी प्रोजेक्ट लगा। ऐसे कैसे हो सकती है वन ट्रिलियन डालर की अर्थव्यवस्था जबकि ग्रोथ सात प्रतिशत और जरूरत 30 प्रतिशत ग्रोथ रेट की है।
अखिलेश यादव ने कहा कि हमारी सरकारी बनेगी तो बुनकरों के लिए विशेष पैकेज,विशेष सुविधा,बिजली की व्यवस्था, मार्केटिंग आदि की व्यवस्था की जाएगी। अखिलेश ने कहा कि दिल्ली के इशारों पर गवर्नर चलते हैं जो प्रदेश सरकारों को चलने नहीं देते। जहां-जहां उपचुनाव हो रहे हैं वह नाम पूछकर स्थानांतरण किए जा रहे हैं। उपचुनाव में भी पीडीए और इंडिया गठबंधन जीतेगा।