एसपी के आदेश पर 24 घण्टे मे चार हत्यारोपी गिरफ्तार
बांदा। मटौंध थाना क्षेत्र के चमरहा गांव मे बीते 27 सितंबर को मिली अज्ञात महिला के सिर कटे शव की घटना के मामले का मटौंध व एसओजी की संयुक्त पुलिस टीम ने 24 घण्टे के अंदर खुलासा कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल को घटना की जानकारी मिलने के बाद उन्होने आरोपियों की गिरफ्तारी के सख्त निर्देश दिए थे। मटौंध थाना क्षेत्र के चमरहा गांव मे मध्य प्रदेश की सीमा के पास एक अज्ञात महिला का सिर कटा शव बरामद हुआ था तथा सिर व धड़ एक दूसरे से करीब 50 मीटर की दूरी पर मिले थे। इस मामले पर थाने मे रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस जांच कर रही थी। पुलिस अधीक्षक व अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी ने फील्ड यूनिट डॉग स्क्वाड की टीमों के साथ घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण कर वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्य संकलित किए थे। हत्या का खुलासा करने के क्रम मे वैज्ञानिक तकनीक, जीपीएस टेक्नोलॉजी, मिसिंग परसन डेटा बेस आदि का प्रयोग कर संदिग्ध लोगों से पूंछताछ करते हुए शुक्रवार को पुलिस टीम ने हत्या मे शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। शव की शिनाख्त करने पर पता चला कि शव माया देवी पत्नी राम कुमार अहिरवार निवासी पहरा थाना गौरिहार जनपद छतरपुर का है। इस बारे मे मृतका के परिजनों से जानकारी करने पर पता चला कि मृतका की दो शादी हुई थीं। वर्तमान मे वह दूसरे पति के साथ रहती थी। जबकि पूर्व मे दो लड़के सूरज प्रकाश 22 व छोटू 19 थे। मृतका के सौतेले बेटे सूरज प्रकाश से अवैध संबंध थे और महिला लड़के को लगातार साथ रहने के लिए विवश करती थी। इसके अलावा दूसरे सौतेले बेटे बृजेश को भी अवैध संबंध बनाने के लिए परेशान करती थी। कहना न मानने पर दुष्कर्म मे फंसाने की धमकी देती थी। इस बात की जानकारी मृतका के पति व अन्य परिजनों को हुई तो उन्होने हत्या करने की योजना बना डाली। गिरफ्तार आरोपियों मे राम कुमार अहिरवार(पति), सूरज प्रकाश सौतेला पुत्र, उदयभान भतीजा व छोटू उर्फ बृजेश अहिरवार सौतेला पुत्र शामिल है। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम मे थानाध्यक्ष रामदिनेश तिवारी, उप निरीक्षक आनंद कुमार, राधाकृष्ण तिवारी व पुलिस टीम शामिल रही।